Gold Rate: सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया

Gold Rate। अमेरिका में आए बैंकिंग संकट ने सोने की कीमतों में जोरदार बढ़ोतरी कर दी है। इस हफ्ते सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। सोने की कीमतें अपने सार्वज‎निक उच्च स्तर को छूने की ओर बढ़ रही हैं। एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोना 60 हजार के स्तर के करीब पहुंच गया है। इस हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सोने का घरेलू वायदा भाव 59,383 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ है। शुक्रवार को एमसीएक्स पर सोने में 1414 रुपए प्रति 10 ग्राम की तेजी दर्ज हुई थी। वहीं चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल है।

एमसीएक्स पर चांदी का भाव शुक्रवार को 3.18 फीसदी या 2118 रुपए बढ़कर 68,649 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर भी सोने-चांदी में काफी असामान्य उछाल दर्ज किया गया है। सोने की कीमतों ने पिछले पांच महीनों में शानदार रिटर्न दिया है। एमसीएक्स पर सोने का वायदा भाव 21 अक्टूबर, 2022 को 50,703 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह पिछले 5 महीने में सोना 8,680 रुपए प्रति 10 ग्राम उछल चुका है। वहीं चांदी में भी पिछले 5 महीने में जमकर तेजी आई है। 14 अक्टूबर, 2022 को एमसीएक्स पर चांदी का वायदा भाव 58,122 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह इसमें 10,379 रुपए प्रति किलोग्राम का उछाल आ चुका है।

वहीं वैश्विक बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज हुई है। ब्लूमबर्ग के अनुसार कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव 2.60 फीसदी या 50.50 डॉलर बढ़कर 1990.20 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। हाजिर भाव 3.63 फीसदी की बढ़त के साथ 1989.25 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर शुक्रवार को चांदी की कीमतों में भी भारी बढ़त दर्ज की गई है। कॉमेक्स पर चांदी का वायदा भाव 3.55 फीसदी या 0.77 डॉलर की बढ़त के साथ 22.46 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं चांदी का हाजिर भाव 4.17 फीसदी की बढ़त के साथ 22.60 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।

Leave a Comment