रूसी खाद्य और उर्वरक निर्यात पर छूट जारी रखने की कोशिश कर रहा संयुक्त राष्ट्र

यूक्रेन रूस युध्द का परिणाम पूरा विश्व भुगत रहा है. खाद्य एवं उर्वरक की किल्लत भी इस युध्द के कारण बढ़ी है. जिसे कम करने के प्रयास संयुक्त राष्ट्र संघ कर रहा है.संयुक्त राष्ट्र ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के बाद कई पाबंदियों का सामना कर रहे रूस से अनाज एवं उर्वरक के वैश्विक निर्यात की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी रूस के एक प्रतिनिधिमंडल को दी है। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता कार्यक्रम के प्रमुख मार्टिन ग्रिफिथ और व्यापार प्रमुख रेबेका ग्रिनस्पैन ने रूसी प्रतिनिधिमंडल को शुक्रवार को अनाज एवं उर्वरक निर्यात से जुड़े पहलुओं के बारे में सूचित किया। इसमें यूरोपीय संघ के बंदरगाहों तक पहुंच हासिल करने और यूरोपीय देशों को रूसी अनाज एवं उर्वरक की आपूर्ति से जुड़े मुद्दे शामिल थे।

यूक्रेन पर फरवरी में सैन्य कार्रवाई शुरू करने वाले रूस के खिलाफ अमेरिका एवं अन्य पश्चिमी देशों ने कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए थे। उसके बाद गत 22 जुलाई को रूस और यूक्रेन दोनों ही देशों को खाद्यान्न निर्यात की छूट देने संबंधी समझौते हुए थे। लेकिन उन समझौतों की अवधि 19 नवंबर को खत्म होने वाली है। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए रूस के विदेश उप मंत्री सर्गेई वर्शिनिन की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारियों से मिला था। संयुक्त राष्ट्र इस कोशिश में लगा हुआ है कि रूसी खाद्यान्न एवं उर्वरकों को विकासशील देशों तक निर्यात करने की छूट जारी रहे।

Leave a Comment