Adani Group का मार्केट कैप एक दिन में ही घटा 50 हजार करोड़

Adani Group का मार्केट कैप एक दिन में ही 50 हजार करोड़ रुपये घट गया है। इतना ही नहीं, गौतम अडानी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में भी नीचे लुढ़क गए हैं। गौतम अडानी को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। बाजार में अडानी ग्रुप के शेयरों में एक बार फिर गिरावट देखने को मिल रही है। बीते मंगलवार को भी अडानी ग्रुप के शेयरों में गिरावट देखने को मिली थी। अडानी के 10 में से छह कंपनियों के शेयर 5 फीसदी की गिरावट के साथ लोअर सर्किट पर लगे हुए थे। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर 7.1प्रतिशत नीचे बंद हुआ था। इसी की वजह से अडानी ग्रुप का मार्केट कैप 50,165 करोड़ रुपये कम हो गया है। यह एक महीने में सबसे बड़ी गिरावट में से एक है।

अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद अडानी ग्रुप को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। बीते 24 जनवरी को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई थी। इसके बाद से अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में लगातार गिरावट देखी गई थी। बीते दिनों ग्रुप के शेयरों में गिरावट का सिलसिला थमा था। अब सोमवार से दोबारा अडानी ग्रुप के स्टॉक्स में गिरावट देखी जा रही है। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, 25 जनवरी 2023 के बाद से, अडानी समूह का कुल एमकैप 19.2 लाख करोड़ रुपये से घटकर 8.9 लाख करोड़ रुपये हो गया है। गौतम अडानी दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में फिर लुढ़क गए हैं। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद शेयरों में लगातार गिरावट की वजह से अडानी की नेटवर्थ को काफी नुकसान हुआ था। इसके चलते गौतम अडानी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में टॉप 30 से भी बाहर हो गए थे।

Leave a Comment