Share Market News। अडानी ग्रुप के सभी 10 लिस्टेड शेयरों में जोरदार गिरावट

Adani Group News। अडानी समूह के शेयरों पर चल रहा संकट बुधवार को भी जारी रहा। अडानी ग्रुप के सभी 10 लिस्टेड शेयरों में जोरदार गिरावट रही क्योंकि इनमें बिकवाली की राह पर ही निवेशक चल रहे हैं। फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 11.05 प्रतिशत टूटकर 1397 रुपए पर बंद हुआ। अडाणी पोर्ट्स भी 7.24 प्रतिशत फिसलकर 541 रुपए पर आ गया। अडाणी पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस, विल्मर, एनडीटीवी, एसीसी और अंबुजा सीमेंट में करीब 5-5 प्रतिशत की गिरावट रही। शेयरों में गिरावट के चलते अडाणी ग्रुप का मार्केट कैप 51,000 करोड़ रुपए से ज्यादा कम होकर 7.5 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है।

फोर्ब्स की रियल टाइम बिलिनेयर लिस्ट के मुताबिक ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ में बुधवार को 6.2 अरब डॉलर यानी 12.48 फीसदी गिरावट आई। अब उनकी नेटवर्थ 43.4 अरब डॉलर रह गई है और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 26वें स्थान पर हैं। इस साल वह अब तक करीब 75 अरब डॉलर गंवा चुके हैं। कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते बुधवार को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 927 अंक टूटकर 59,744 पर आ गया। निफ्टी भी 272 अंक नीचे 17,554 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार की बिकवाली में बैंकिंग, मेटल और आईटी स्टॉक्स सबसे आगे रहे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में गिरावट रही।

अडाणी को लगातार लग रहे झटके

वहीं 24 जनवरी को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने से पहले ग्रुप का एम कैप 19.19 लाख करोड़ था। इतना ही नहीं, फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर्स लिस्ट के मुताबिक गौतम अडाणी की नेटवर्थ सिर्फ 43.4 बिलियन डॉलर रह गई है। अडाणी को बीते 24 घंटे में 6.2 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। वे दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 26वें नंबर पर आ गए हैं। इस बीच, हिंडनबर्ग रिपोर्ट के असर को कम करने और निवेशकों का भरोसा कायम रखने के लिए अडाणी ग्रुप अब अलग रणनीति पर काम कर रहा है। ग्रुप अब अपना पूरा फोकस कर्ज के भुगतान और कैश बचाने पर कर रहा है। इसके साथ ही ग्रुप ने अपनी विस्तार योजनाओं पर ब्रेक लगाने का फैसला भी किया है। इसका ताजा उदाहरण पीटीसी इंडिया डील से कदम पीछे खींचना है। सोमवार को ही ग्रुप की ओर से जारी एक बयान में जानकारी शेयर की गई थी कि अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन ने एसबीआई का 1,500 करोड़ रुपए का कर्ज चुका दिया है।
विनोद कुमार उपाध्याय, 22 फरवरी, 2023

Leave a Comment