IPL 2023: आईपीएल से ठीक पहले धोनी की फिटनेस पर उठे सवाल, लंगड़ाते दिखे

IPL 2023: आईपीएल की शुरुआत शुक्रवार से होने वाली है। इससे ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के चोटिल होने की आशंका है। धोनी को चेपक स्टेडियम में अभ्यास सत्र के दौरान लंगड़ाते हुए देखा गया। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार धोनी के बाएं पैर में चोट हो सकती है। टीम को शुक्रवार को पहले ही मुकाबले में गुजरात टाइटंस से खेलना है। ऐसे में धोनी का चोटिल होना टीम के लिए एक बड़ा झटका रहेगा। माना जा रहा है कि धोनी अभ्यास सत्र के लिए अधिक उत्साहित नहीं थे। चलते समय वह बाएं पैर पर ध्यान देने के साथ ही संभालकर चल रहे थे जिससे यह लग रहा है कि इसमें चोट है। उन्होंने पैर पर नीकैप भी लगायी थी। जब वह चल रहे थे तो पता चल रहा था कि वह थोड़ा लंगड़ा रहे हैं। हालांकि इसके बाद भी उन्होंने नेट अभ्यास में भाग लिया। टीम के अभ्यास सत्र को देखने भारी तादाद में लोग भी स्टेडियम पहुंचे थे।

इस दौरान धोनी संभलकर दौड़ते नजर आए और कुछ असहज भी दिखे। अगर वह वास्तव में चोटिल हैं तो यह सीएसके के लिए बड़ा झटका होगा। धोनी टीम के सबसे अहम खिलाड़ी हैं। उनका मैदान पर होना ही टीम के लिए काफी होता है।

अगर धोनी पहले मैच में नहीं खेल पाते हैं तो इंग्लैंड के बेन स्टोक्स या रुतुराज गायकवाड़ में से किसी को कप्तान की जिम्मेदारी मिल सकती है।

Leave a Comment